पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां हर घर तिरंगा अभियान के तहत SSB ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली
नरकटियागंज। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), नरकटियागंज की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य मोटरसाइकिल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जगाने के साथ तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन एवं द्वितीय कमान अधिकारी गोविन्द कुमार ठाकुर के नेतृत्व में निकली रैली में करीब 100 अधिकारी और जवान शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर जवान करीब 50 किलोमीटर के रूट पर मोटरसाइकिल से निकले और ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
रैली 44वीं वाहिनी मुख्यालय से शुरू होकर शहीद चौक, नरकटियागंज चौक, पचरुखिया, पिपरा, अमौलवा, भितिहरवा, गौनाहा, सहोदरा, जमुनिया, मठ-मझरिया सहित विभिन्न इलाकों से होते हुए वापस मुख्यालय पहुंची। ऐतिहासिक भितिहरवा गांधी स्मारक संग्रहालय पर रैली का विशेष पड़ाव रहा।
इस दौरान जवानों ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। बाइक पर लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट