NEWS PR डेस्क : औरंगाबाद में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और इसके बाद वीडियो-तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव की इस घटना में नाबालिग की मां की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही रौशन प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने का आरोप
प्राथमिकी में नाबालिग की मां ने आरोप लगाया है कि घटना के दिन वह अपनी सास के साथ औरंगाबाद बाजार गई थीं। घर पर नाबालिग के अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। इसके बाद उसके बेहोश होने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वीडियो और तस्वीरें बनाकर शुरू किया ब्लैकमेल
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो बनाने के साथ नाबालिग की तस्वीरें भी खींच लीं। बाद में उसने कथित वीडियो और तस्वीरें नाबालिग के मोबाइल पर भेजीं। इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाने का आरोप है।
10 दिनों से बना रहा था दबाव
नाबालिग की मां के मुताबिक, आरोपी करीब 10 दिनों से उनकी बेटी पर रात में अपने घर आने के लिए दबाव बना रहा था। आरोप है कि उसने एक व्यक्ति से एक रात के लिए दो लाख रुपये दिलाने का लालच भी दिया था। नाबालिग ने जब उसकी बात मानने से इनकार किया तो कथित वीडियो और तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद नाबालिग ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना की जानकारी अपने परिवार को दी।
आरोपी के घर पहुंचे परिजन, धमकी देने का आरोप
सोमवार को नाबालिग के परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उससे घटना के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद नाबालिग की मां ने मुफस्सिल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। नाबालिग की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी और नाबालिग के बीच पहले से परिचय होने की बात सामने आई है। पुलिस ने प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आने की जानकारी दी है, हालांकि नाबालिग की उम्र को देखते हुए मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
नाबालिग से दुष्कर्म के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी, औरंगाबाद में FIR