पटना में फिट इंडिया कार्निवल 2026 का आयोजन, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने युवाओं को दिया फिटनेस का संदेश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 15 मार्च 2026। राजधानी पटना में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) द्वारा फिट इंडिया कार्निवल 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों में फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्निवल में विभिन्न खेल संघों, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनका स्वागत स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, पटना के केंद्र प्रभारी सोमेश्वर राव चव्हाण ने बुके और शॉल भेंट कर किया। इस अवसर पर निदेशक जनगणना एम. रामचंद्रुडु (आईएएस), बिहार ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार तथा हरिद्वार से आए राकेश आचार्य विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अपने संबोधन में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि फिट इंडिया केवल एक अभियान नहीं बल्कि स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक जन आंदोलन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में खेल और शारीरिक गतिविधियों को शामिल करें, क्योंकि स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करते हैं और समाज में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा सेशन से हुई, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद अतिथियों के स्वागत के पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्निवल का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

कार्निवल के दौरान ताइक्वांडो, वुशु और योग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न खेल संघों द्वारा सड़क पर डेमो सत्र आयोजित किए गए, जिससे खेलों और शारीरिक गतिविधियों के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ा।

इस अवसर पर मल्लखंब, जिम्नास्टिक, अत्या-पत्या, स्केटिंग, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, वुशु, सेपक टकरा, योगासन, जुम्बा और मिनी जिम सहित कई खेलों के स्टॉल और प्रदर्शन लगाए गए।

उद्घाटन के बाद खेल मंत्री ने सभी खेल स्टॉल और डेमो सत्रों का निरीक्षण किया तथा खिलाड़ियों और प्रतिभागियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

फिट इंडिया कार्निवल 2026 का यह आयोजन समाज में फिट इंडिया आंदोलन को मजबूत करने और लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने में सफल रहा।

Share This Article