NEWS PR डेस्क: चकाई विधानसभा क्षेत्र और जमुई जिले के विकास को लेकर पूर्व विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री बनने पर चिराग पासवान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान संजय कुमार सिंह ने चकाई विधानसभा और पूरे जमुई जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोजगार तथा आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
झाझा-बटिया रेल परियोजना से चकाई को जोड़ने की मांग
पूर्व MLC ने झाझा-बटिया रेल लाइन परियोजना से चकाई प्रखंड को जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
चकाई को अनुमंडल बनाने और जलजमाव की समस्या उठाई
संजय कुमार सिंह ने चकाई को अनुमंडल का दर्जा देने की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। इसके अलावा चकाई चौक पर वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से समुचित नाला निर्माण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चकाई और जमुई के विकास के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, रोजगार और रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम होना जरूरी है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है।
चिराग पासवान ने दिया सकारात्मक आश्वासन
संजय कुमार सिंह के अनुसार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि चकाई विधानसभा और जमुई जिले के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। नई दिल्ली प्रवास के दौरान पूर्व MLC संजय कुमार सिंह ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से भी शिष्टाचार मुलाकात की । इस दौरान समसामयिक राजनीतिक और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
