नौतन प्रखंड क्षेत्र के शिवराजपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति, लो-वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर की खराबी और लंबित शिकायतों से नाराज ग्रामीणों ने जेई से तीखी बहस की। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ लोग तीन-चार बार उनके साथ मारपीट करने के लिए आगे बढ़ गए।
मौके पर मौजूद अधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और जेई को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना के दौरान शिविर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली संबंधी समस्याओं की कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई
जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों से संयम बरतने और अपनी समस्याएं लिखित रूप से दर्ज कराने की अपील की। अधिकारियों ने सभी आवेदनों का नियमानुसार समाधान कराने का भरोसा दिया। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी जमा किए।
मौके पर एसडीओ विकास कुमार, सीओ अलका कुमारी, बीडीओ सुरेंद्र सिंह, चुन्नी पासवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। घटना के बाद बिजली कर्मियों की सुरक्षा और समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर चर्चा तेज हो गई।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट –