मधुबनी में पटरी पर लौटी गैस सप्लाई, 68 एजेंसियों ने दोबारा शुरू की होम डिलीवरी

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : मधुबनी में एलपीजी आपूर्ति और वितरण व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट रही है। जिला प्रशासन की सक्रिय पहल के चलते उपभोक्ताओं की शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा रहा है। जिले में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम की कुल 103 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनसे लगभग 9.61 लाख उपभोक्ता जुड़े हुए हैं।

1 मार्च से 18 मार्च 2026 के बीच 2.54 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई, जिनमें से 2.07 लाख से ज्यादा को सिलिंडर की आपूर्ति की जा चुकी है। 18 मार्च को अकेले 11,151 बुकिंग हुईं, जबकि उसी दिन 13,053 सिलिंडर की बिक्री और 13,047 सिलिंडर की आपूर्ति दर्ज की गई। फिलहाल 52,904 उपभोक्ता प्रतीक्षा सूची में हैं और 43,941 सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध है।अब तक 68 गैस एजेंसियों ने होम डिलीवरी सेवा फिर से शुरू कर दी है, जबकि शेष एजेंसियों में भी जल्द यह सुविधा बहाल करने की तैयारी चल रही है।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने गूगल लिंक, फेसबुक पेज और जिला नियंत्रण कक्ष नंबर 06276-222576 के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निपटारे की व्यवस्था की है। इसके साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी टीम सक्रिय की गई है।

सभी एजेंसियों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया गया है और महिलाओं, दिव्यांगों तथा बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहरी उपभोक्ता 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन के अंतराल पर ही गैस बुक कर सकते हैं, जबकि एक उपभोक्ता साल में अधिकतम 12 सिलिंडर ही ले सकता है।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए गैस की मांग दर्ज कराने हेतु विशेष ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया गया है, ताकि प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति की जा सके। प्रशासन सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों पर भी नजर रख रहा है और की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक कर रहा है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

Share This Article