दिल्ली में CJP प्रदर्शन पर अलर्ट मोड में सरकार, मिथिलेश तिवारी बोले- एहतियात को डर न समझें

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने और रेल व मेट्रो सेवाओं पर असर पड़ने की खबरों के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सरकार के कदमों का बचाव किया। उन्होंने असुविधा का सामना करने वाले यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता देश के नागरिकों की सुरक्षा है।
‘आंतरिक सुरक्षा का मामला, इसलिए सतर्क है सरकार’
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मौजूदा हालात को केवल विरोध प्रदर्शन के रूप में नहीं, बल्कि आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषय के तौर पर देखा जा रहा है। उनके मुताबिक, एहतियाती कदम उठाने का उद्देश्य किसी से डरना नहीं, बल्कि संभावित जोखिमों को रोकना है। मंत्री ने दावा किया कि सरकार को आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान बच्चों को भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं।
CJP को लेकर कांग्रेस और RJD पर साधा निशाना
बिहार के शिक्षा मंत्री ने CJP पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संगठन अपनी पहचान बदलकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के लिए काम कर रहा है। उन्होंने CJP को कांग्रेस का नया रूप बताते हुए कहा कि जनता संगठन के उद्देश्य को समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग मोदी सरकार की सफलता से जलते हैं और अपनी पहचान बदल रहे हैं। मेरा कहना है कि ‘कॉकरोच पार्टी’ असल में कांग्रेस पार्टी का ही एक नया रूप है, जो अलग पहचान के साथ काम कर रही है। इसलिए सरकार अलर्ट मोड पर है। लोगों की सुरक्षा के लिए ही एतिहातन ये कदम उठाया गया है।

छात्रों को लेकर क्या बोले मिथिलेश तिवारी?
मंत्री ने पिछले आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब छात्र किसी आंदोलन में शामिल होते हैं, तो सरकार उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि देश के छात्रों के लिए 5 कदम पीछे होना पड़े, तो हटेंगे लेकिन सीमा पर एक इंच भी नहीं हटेंगे। ये मोदी सरकार का एजेंडा है।
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर भी दी प्रतिक्रिया
CJP के प्रदर्शन से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए तिवारी ने कहा कि न्यायपालिका के निर्देश प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हैं और अधिकारी उसी के अनुरूप सावधानी बरत रहे हैं। मंत्री ने दोहराया कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उन्हें खेद है। मंत्री ने कहा कि हम उन सभी यात्रियों से माफी मांगते हैं। जब देश पर कोई संकट आता है, तो जनता ही सरकार के साथ खड़ी होती है। यह कोई संकट नहीं, बल्कि आंतरिक सुरक्षा का मामला है।

Share This Article