अस्पतालों में सख्ती पर बोले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, ‘मकसद किसी को निशाना बनाना नहीं’

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इन दिनों अस्पतालों के लगातार निरीक्षण को लेकर चर्चा में हैं। अस्पतालों में खामियां मिलने पर उनकी सख्ती के बाद अब मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साफ किया है कि उनकी कार्रवाई का मकसद किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाना है।


निशांत कुमार ने कहा कि अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान वह सिर्फ कमियां खोजने पर ध्यान नहीं देते। उनकी प्राथमिकता यह समझना भी है कि मरीजों को किन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए किन संसाधनों की जरूरत है।
मरीजों की परेशानी और कर्मचारियों की जरूरत, दोनों पर फोकस
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मरीजों की समस्याओं के साथ-साथ डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरतों को समझना भी जरूरी है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों पर ध्यान देकर ही अस्पतालों की व्यवस्था में वास्तविक सुधार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर व्यवस्था सुधारने के लिए नए नियम बनाने, अनुशासन लागू करने या कड़े फैसले लेने की जरूरत पड़ी तो बिहार की जनता के हित में सरकार पीछे नहीं हटेगी।
लापरवाही पर सख्ती, जरूरत पर सरकार साथ
निशांत कुमार ने स्वास्थ्यकर्मियों से अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सेवाभाव के साथ निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज के साथ सम्मानजनक व्यवहार मिलना भी जरूरी है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन स्वास्थ्यकर्मियों को संसाधन या किसी तरह के सहयोग की जरूरत होगी, सरकार उनकी मदद करेगी लेकिन लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी है, जबकि उनकी जरूरतों और संसाधनों का ध्यान रखना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार का लक्ष्य है कि हर मरीज अस्पताल से बेहतर इलाज और भरोसा लेकर लौटे।

Share This Article