हिंदी दिवस पर विद्या विहार के मंच से निखरी विद्यार्थियों की प्रतिभा, भाषण और काव्य-पाठ में दिखा उत्साह

Shreya Raj
हिंदी दिवस पर विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा, पूर्णिया में आयोजित भाषण एवं काव्य-पाठ प्रतियोगिता के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों का सामूहिक चित्र।

पूर्णिया, 14 सितंबर 2026: हिंदी दिवस के अवसर पर विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा, पूर्णिया में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हिंदी भाषण, काव्य-पाठ और अलंकृत भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 7 से 10 तक के कुल 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भाषा, साहित्य और राष्ट्र-निर्माण पर विद्यार्थियों ने रखे विचार

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, भारतीय संस्कृति और साहित्य, राष्ट्र-निर्माण में हिंदी की भूमिका तथा वर्तमान समय में हिंदी की उपयोगिता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। काव्य-पाठ में विद्यार्थियों ने कविताओं का भावपूर्ण और सस्वर वाचन किया। वहीं, भाषण एवं अलंकृत भाषण में उच्चारण, भाषा-शुद्धता, आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन विषय-वस्तु, भाषा की शुद्धता, उच्चारण, प्रस्तुति शैली, आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति के आधार पर किया गया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत और यादगार बना दिया।

कक्षा 7 से 10 तक के विजेताओं के नाम

प्रतियोगिता के परिणाम में कक्षा 7 से बरुण कुमार बैद ने प्रथम, लक्ष्म्यवर्धन ने द्वितीय और समर्थ रसस्तोगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 8 में अभिनव रवि प्रथम, अमन राजन द्वितीय, वर्षा इस्लाम तृतीय और आरवी झा चतुर्थ स्थान पर रहीं।

कक्षा 9 में सोनाली सिंह ने प्रथम, मो. शकीब आलम ने द्वितीय, रियांक झा ने तृतीय और उग्र नारायण चौधरी ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।

कक्षा 10 में प्रतिज्ञा राय ने प्रथम और राजवीर सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

विद्यालय के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा और प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत की पहचान भी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिंदी विभागाध्यक्ष चंद्रकांत कुमार, राजीव रंजन पांडेय, अजीता मिश्रा और श्वेता आनंद का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए मार्गदर्शन और सहयोग दिया।

मंच संचालन छात्राओं शुभांगी, सोफी और साक्षी ने आत्मविश्वास एवं सहजता के साथ किया। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी गई। यह आयोजन हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कार और प्रतिभा के सुंदर संगम के रूप में सामने आया।

Share This Article