NEWS PR डेस्क : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से इस वक्त की बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोग हादसे का शिकार हो गए।
दरअसल, घटना बगहा थाना क्षेत्र के परसा की है। जानकारी के मुताबिक, कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी नेपाल से नरकटियागंज लौट रहे थे। इसी दौरान परसा के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान धनेश यादव, आलोक यादव और कृष्णा यादव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी GMCH बेतिया रेफर कर दिया गया है।
चिकित्सा पदाधिकारी ने दी जानकारी
अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए GMCH बेतिया भेजा गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। एक ही कार में सवार छह लोगों में से तीन की मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब हादसे के कारणों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना इस दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट् ;-
