NEWS PR डेस्क: बिहार के गया जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। बोधगया थाना क्षेत्र में डोभी–पटना फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

यह हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास डोभी–पटना फोरलेन पर देर रात हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार और ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा टक्कर के तुरंत बाद आग की चपेट में आ गया। कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दो लोग कार के अंदर ही फंस गए और उनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
बोधगया थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गंभीर रूप से घायल कार चालक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद ट्रक का एक हिस्सा भी आग की चपेट में आकर जल गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है।
कार में सवार सभी लोग झारखंड के निवासी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी लोग झारखंड के निवासी थे। हालांकि मृतकों की आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल से मिले दस्तावेजों और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनकी पहचान करने और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलने या किसी अन्य वजह से हुआ। गया में हुआ यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे की गंभीर याद दिलाता है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
