NEWS PR डेस्क:NEWS PR डेस्क: भागलपुर पुलिस ने एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा में की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन अपराधियों को भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

इस कार्रवाई की जानकारी सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शंकरपुर दियारा इलाके में हथियारों का संग्रह कर किसी बड़ी आपराधिक घटना की साजिश रच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने इलाके में छापेमारी की।
तीन अपराधी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें भरत कुमार (निवासी लालूचक, नाथनगर), नंदकिशोर मंडल (निवासी रामनगर, सबौर) और भोला मंडल (निवासी शंकरपुर दियारा, परबत्ता) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी मस्केट, दो नाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था। पुलिस का मानना है कि समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना को टालने में सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
