आरा में बिहार बंद का असर: NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद का असर भोजपुर जिले में भी देखने को मिला। आरा में छात्र संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता और छात्र-युवा सड़कों पर उतर आए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों ने उठाई न्याय की मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग की।शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर छात्र संगठनों की सक्रियता देखने को मिली। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहा।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बिहार बंद के मद्देनजर भोजपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।
रेलवे स्टेशन पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा
आरा रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के जवान पूरे समय मुस्तैद रहे। स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई।
कई जिलों में दिख रहा बिहार बंद का असर
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक मामले और छात्रों के समर्थन में छात्र संगठनों तथा वामपंथी दलों की ओर से बिहार बंद का आह्वान किया गया है। इसका असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रहा है, जहां छात्र-छात्राएं प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस आंदोलन और सरकार की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article