NEWS PR डेस्क : पटना : बिहार सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों के सचिव बदले गए हैं। 1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार को गृह विभाग का नया प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पांच जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
पंकज कुमार को गृह विभाग की कमान
पंकज कुमार इससे पहले ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव के पद पर तैनात थे। अब उन्हें स्थानांतरित कर गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है, इसके साथ ही वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में पहले की तरह बने रहेंगे।
पंकज कुमार के गृह विभाग में प्रधान सचिव बनने के बाद कुंदन कुमार को गृह विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। कुंदन कुमार उद्योग विभाग के सचिव के साथ अन्य जिम्मेदारियां भी संभाल रहे थे।
राजेश कुमार बने पटना के नए प्रमंडलीय आयुक्त
2001 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के प्रधान सचिव पद से स्थानांतरित कर पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
वहीं पटना के मौजूदा प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े का भी तबादला किया गया है। उन्हें निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
- एचआर श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद से स्थानांतरित कर ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है।
- संजय कुमार, जो अब तक वित्त विभाग के सचिव थे, उन्हें मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है।
- बी. कार्तिकेय धनजी को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव पद से हटाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का सचिव बनाया गया है।
- राजीव रौशन को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से हटाकर शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है।

पांच जिलों में बदले गए जिलाधिकारी
सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत पांच जिलों में नए जिलाधिकारी भी नियुक्त किए हैं। इनमें भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी और कैमूर शामिल हैं। मनेश कुमार मीणा को खान निदेशक के पद से हटाकर भोजपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं भोजपुर के मौजूदा डीएम तनय तुल्तानिया का तबादला कर उन्हें सीतामढ़ी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
रिची पांडेय को सीतामढ़ी के डीएम पद से हटाकर बेगूसराय का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह विजय प्रकाश मीणा को नगर विकास विभाग के अपर सचिव पद से हटाकर सीवान का डीएम बनाया गया है।
वहीं कुमार अनुराग को भवन निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर कैमूर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
वित्त विभाग की भी बदली कमान
प्रशासनिक बदलाव के तहत विनय कुमार को वित्त विभाग का नया प्रधान सचिव बनाया गया है। वह इससे पहले नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव के पद पर थे। नई जिम्मेदारी के साथ उनके पास नगर विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
इसके अलावा कैबिनेट सचिव अरविंद चौधरी को बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (BIPARD) का महानिदेशक बनाया गया है।
विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
बिहार सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल से राज्य के गृह, वित्त, ग्रामीण विकास, निगरानी, शिक्षा, समाज कल्याण, पीएचइडी, मद्यनिषेध और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ पांच जिलों के प्रशासन में भी बदलाव हुआ है। 14 IAS अधिकारियों के तबादले के बाद अब इन अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों के साथ राज्य प्रशासन के कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।