पटना के बाकरगंज में 20 रूपए के चक्कर में निकल गए तमंचे ! खुलेआम चली गोलियां

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित बाकरगंज इलेक्ट्रॉनिक्स गली में गुरुवार देर शाम पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मोबाइल मरम्मत को लेकर बीएन कॉलेज छात्रावास के छात्रों और दुकानदार के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में तब्दील हो गई।

इसी दौरान दो राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद मोबाइल ग्राहक और दुकानदार के बीच शुरू हुआ था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर जुट गए, जिससे मामला और बिगड़ गया। पूछताछ में संकेत मिले हैं कि फायरिंग दुकानदार पक्ष की ओर से की गई, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया tha। एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, बीएन कॉलेज छात्रावास का एक छात्र अपने दो-तीन साथियों के साथ मोबाइल ठीक कराने दुकान पर पहुंचा था। मरम्मत के बाद दुकानदार ने तय राशि से 20-30 रुपये अधिक की मांग की। इसी अतिरिक्त रकम को लेकर बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे उग्र हो गई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने परिचितों को फोन कर बुला लिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।कुछ ही देर में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और इसी दौरान हवा में दो राउंड फायरिंग की गई।

गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि फायरिंग करने वाले और अन्य आरोपितों की पहचान की जा सके। देर रात तक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। दुकानदार की पहचान कर अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article