NEWS PR डेस्क: चीन में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप से भारत के लिए बड़ी सफलता की खबर आई है। 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत में बिहार के मोतिहारी के एथलीट सेतू मिश्रा ने निर्णायक भूमिका निभाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
मेजबान चीन के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम एक समय पिछड़ती नजर आ रही थी। रेस के अंतिम चरणों में भारत चौथे स्थान पर था, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। एंकर लेग की जिम्मेदारी संभाल रहे सेतू मिश्रा ने दबाव के बीच बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपनी तेज रफ्तार से भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

सेतू के शानदार प्रयास के बाद अंतिम धावक निधि ने दमदार फिनिश करते हुए भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। इस जीत के साथ भारत ने मेजबान चीन को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। सेतू मिश्रा की इस उपलब्धि से बिहार में खुशी की लहर है। मोतिहारी के इस युवा एथलीट ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने सेतू मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं, बिहार एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाकत अली, उपाध्यक्ष यशवंत सिंह और एथलेटिक्स कोच हारुन अंसारी ने भी उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
