एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने खाद की उपलब्धता और किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने की मांग की,
गया मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की वार्षिक आमसभा रविवार को आयोजित हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। आमसभा में जहानाबाद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह, पूर्व विधायक अवधेश सिंह, बैंक अध्यक्ष विनय कुमार, उपाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ मुन्नू बाबू सहित बैंक के अधिकारी, पैक्स अध्यक्ष और व्यापार मंडल के अध्यक्ष मौजूद रहे।
आमसभा को संबोधित करते हुए एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लगातार पांच वर्षों से लाभ में है। इस वर्ष बैंक को दो करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध मुनाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में बैंक का डिपॉजिट करीब 28 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर लगभग 140 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बैंक की प्रगति के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, बोर्ड के सदस्यों और पैक्स प्रतिनिधियों को बधाई दी।
आमसभा में खाद की उपलब्धता, खाद की कालाबाजारी और पैक्स अध्यक्षों के सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सिंह ने कहा कि बिहार में पैक्स अध्यक्षों का करीब 2500 करोड़ रुपये बकाया था, जिसमें लगभग 1300 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। गया, जहानाबाद और अरवल जिलों में सीएमआर मद में 160 करोड़ रुपये से अधिक बकाया था, जिसमें करीब 80 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। उन्होंने शेष लंबित राशि का भुगतान ब्याज समेत जल्द कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। खाद का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराने की मांग उन्होंने रखी। साथ ही बाढ़ और सूखे से प्रभावित किसानों की फसल क्षति का वास्तविक आकलन कर उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
आमसभा में पैक्स और व्यापार मंडलों की वित्तीय स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए लंबित भुगतान का समय पर निपटारा जरूरी है। बैंक के बढ़ते कारोबार और लगातार लाभ में रहने को उपलब्धि बताते हुए भविष्य में सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने जदयू के अंदरूनी विवाद को लेकर भी कई आरोप लगाए और पार्टी के भविष्य को लेकर अपनी बात रखी।
गया से आशीश कुमार की रिपोर्ट ;–