गया आवास पर सांसद सुरेंद्र यादव ने फहराया तिरंगा, बोले- “डरने की आदत नहीं, लेकिन आज शर्मिंदगी होती है!

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क :- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने शनिवार को गया शहर स्थित अपने आवास पर झंडोत्तोलन किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि 15 अगस्त का पर्व पूरे भारत में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के लोग राष्ट्रीय त्योहार के रूप में मनाते हैं।

मीडिया से बातचीत में डॉ. यादव ने कहा कि देश कभी गुलाम था, लेकिन आज स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में लाठी-डंडे खाने की आदत थी, लेकिन डरने की आदत नहीं थी। आज अपने ही लोगों द्वारा लाठीचार्ज और दमन की घटनाएं देखकर उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पदों पर बैठे लोगों के आदेश पर गोली चलाने और लाठीचार्ज जैसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने सिविल ड्रेस में लोगों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलाने की घटनाओं पर भी सवाल उठाया और कहा कि ऐसी घटनाएं देश के लिए शर्मिंदगी की बात हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि भारत को बांटने की बात करने वालों के विपरीत वे देश की एकता और अखंडता के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि “हम टुकड़े-टुकड़े नहीं हैं, हम एक हैं।

भारत माता की जय, भारत माता के हम लाल हैं।”

अग्निवीर योजना और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि युवाओं को पहले की तरह स्थायी अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता जताई और कहा कि इससे छात्रों और उनके परिवारों पर गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक के कारण कई युवाओं ने आत्महत्या तक की है।

उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से संसद में आकर देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने की मांग की। डॉ.सुरेंद्र प्रसाद, यादव ने कहा कि संसद चलाने में देश का काफी खर्च होता है, इसलिए सरकार के शीर्ष नेताओं को संसद में उपस्थित होकर जनता से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।

गया से आशिस की रिपोर्ट :-

Share This Article