जनता की समस्या नहीं सुलझी तो होगी कार्रवाई, मंत्री कुमार शैलेंद्र ने दी सख्त चेतावनी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 19 मई। दरभंगा जिले के सिंहवारा प्रखंड अंतर्गत सिमरी पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को “सहयोग शिविर” का भव्य आयोजन किया गया। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह प्रभारी जिला मंत्री कुमार शैलेंद्र, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा एवं जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मंत्री, विधायक और दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय को पाग, चादर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

24 पंचायतों में एक साथ लगा सहयोग शिविर

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिले की 24 पंचायतों में एक साथ सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है। प्रत्येक पंचायत में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को वरीय पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि शिविर की तिथि से 30 दिन पहले से पंचायत स्तर पर आवेदन लेने और पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी। प्राप्त आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अपलोड कर शिविर के दिन अधिकतम मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जा रहा है।

“समय पर समाधान नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई”-मंत्री कुमार शैलेंद्र

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। यहां ग्रामीणों की निःशुल्क ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।

विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, जीविका और अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह ने बताया कि लाभुक शिविर में आवेदन देकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।

ऑन-द-स्पॉट बांटे गए प्रमाण पत्र और कार्ड

शिविर के दौरान जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड लाभुकों के बीच वितरित किए गए।जन्म प्रमाण पत्र पाने वालों में भावेश कुमार दास और दिलीप कुमार मंडल शामिल रहे। वहीं मृत्यु प्रमाण पत्र मनोज कुमार महतो और रणधीर कुमार को दिया गया। इसके अलावा कई लाभुकों को पेंशन स्वीकृति, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड का लाभ मिला।

बड़ी संख्या में अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद और डीपीएम आईसीडीएस चांदनी सिंह ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सिंहवारा के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा किया गया।

Share This Article