NEWS PR डेस्क: राजस्थान और बिहार के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े।नई रेल सेवा से दोनों राज्यों के बीच यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों, खासकर प्रवासी बिहारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर खातीपुरा में देश के पहले मेगा कोचिंग टर्मिनल का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर विकसित नई यात्री सुविधाओं को भी जनता को समर्पित किया गया।
रेल मंत्री बोले- मजबूत होंगे सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान और बिहार के मिथिला क्षेत्र के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक संबंधों को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि खातीपुरा में 205 करोड़ रुपये की लागत से विकसित मेगा कोचिंग टर्मिनल देश का पहला ऐसा आधुनिक केंद्र है, जहां वंदे भारत, एलएचबी और डेमू जैसी विभिन्न ट्रेनों का अनुरक्षण एक ही परिसर में किया जा सकेगा।
रेल मंत्री के अनुसार, इस टर्मिनल की क्षमता प्रति माह करीब 450 ट्रेनों के रखरखाव की है, जिससे रेलवे संचालन और अधिक प्रभावी होगा।
प्रवासी बिहारियों के लिए विशेष लाभ
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजस्थान में काम करने वाले लाखों प्रवासी बिहारवासियों को इस ट्रेन से विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे बिहार के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब बेहतर और सुलभ विकल्प उपलब्ध होगा। रेलवे के अनुसार, जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। इससे राजस्थान और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
41 स्टेशनों पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं
इसके अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे के 41 छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। नए विकास कार्यों के बाद यात्रियों को बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
