NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 5 मई 2026: शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल मधुबनी रेलवे स्टेशन चौक से 13 नंबर रेलवे गुमटी तक लगने वाले रोज़ाना जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तेजी आ गई है। जिला प्रशासन और रेलवे विभाग इस दिशा में सक्रिय रूप से कदम उठा रहे हैं।
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा पूर्व में रेलवे विभाग को भेजे गए पत्र के बाद अब इस मार्ग की जर्जर स्थिति को सुधारने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। पूर्व मध्य रेल, समस्तीपुर के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि संबंधित सड़क के मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए साइट सर्वेक्षण पूरा कर विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए सक्षम प्राधिकार को भेजा जा चुका है और मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू करने की तैयारी है।

गौरतलब है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी भीड़ और वाहनों का दबाव बना रहता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। संकीर्ण सड़क, खराब हालत, अनियंत्रित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
जिला प्रशासन ने रेलवे विभाग से इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है। साथ ही, जाम की समस्या को तत्काल नियंत्रित करने के लिए अस्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन क्षेत्र के आसपास व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने कहा है कि इस महत्वपूर्ण जनहित के कार्य में जिला प्रशासन रेलवे विभाग को हर संभव सहयोग देगा, ताकि आम लोगों को जल्द राहत मिल सके और शहर में यातायात व्यवस्था सुगम एवं सुरक्षित हो सके।