गया में चौरसिया समाज का नाग पंचमी सम्मेलन संपन्न, धर्मशाला निर्माण की मांग हुई मुखर !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क ;— गया शहर स्थित धर्मसभा भवन में रविवार को चौरसिया समाज की ओर से नाग पंचमी सम्मेलन सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चौरसिया समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश लाखू लाल चौरसिया रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रमेश लाखू लाल चौरसिया ने कहा कि नाग पंचमी का पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और संगठित करने का भी अवसर है। देशभर में कई स्थानों पर नाग पंचमी को चौरसिया दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट करना, युवाओं को एक-दूसरे से परिचित कराना और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना है।

उन्होंने कहा कि गया शहर में चौरसिया समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद समाज के लिए अपनी धर्मशाला नहीं है। उन्होंने धर्मशाला निर्माण की मांग को लेकर समाज के लोगों से संगठित होकर प्रयास करने की अपील की। साथ ही स्थानीय संस्था से इस दिशा में पहल करते हुए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया, ताकि समाज के सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से धर्मशाला निर्माण का सपना पूरा किया जा सके।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2021 से चौरसिया समाज को संगठित और मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। पूरे गया जिले के चौरसिया परिवारों का सहयोग मिल रहा है। समाज की प्रमुख प्राथमिकताओं में गया में धर्मशाला का निर्माण कराना शामिल है, जिसके लिए लगातार प्रयास जारी है।

सम्मेलन के दौरान समाज की एकता, संगठन को मजबूत करने, युवाओं को आगे बढ़ाने और सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में गया जिला अध्यक्ष अनुज कुमार चौरसिया, जिला अध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार चौरसिया, युवा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार चौरसिया, रवि चौरसिया, डॉ. विक्रम चौरसिया, जिला सलाहकार चंद्रशेखर चौरसिया, महिला अध्यक्ष रिंकी चौरसिया, सलाहकार विवेक चौरसिया, महिला कोषाध्यक्ष संजू चौरसिया सहित चौरसिया समाज के कई गणमान्य लोग और युवा मौजूद रहे।

गया से अशिस की रिपोर्ट

Share This Article