NEWS PR डेस्क : भोजपुरी गीतों की गूंज, पारंपरिक लौंडा नाच की रंगत और समर्थकों का उत्साह—कुछ इसी अंदाज में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन पटना में मनाया गया। परिवार और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम देर शाम तक चर्चा का केंद्र बना रहा।

बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ( Lalu Prasad Yadav) ने गुरुवार को अपना 79वां जन्मदिन पारंपरिक और उत्सवी माहौल में मनाया। राजधानी पटना स्थित राबड़ी आवास पर दिनभर समर्थकों, कार्यकर्ताओं और नेताओं का तांता लगा रहा, जबकि शाम को आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।

जन्मदिन के अवसर पर लालू यादव ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती , वरिष्ठ नेता जय प्रकाश नारायण यादव तथा परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में 79 पाउंड का विशाल केक काटा। केक कटिंग के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें भोजपुरी संगीत और बिहार की प्रसिद्ध लोक कला ‘लौंडा नाच’ की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
कार्यक्रम के दौरान लालू यादव परिवार के साथ बैठकर भोजपुरी गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते नजर आए। मीसा भारती भी पूरे आयोजन में अपने पिता के साथ मौजूद रहीं और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक संध्या में चर्चित भोजपुरी गायक छोटू छलिया ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी गायकी से प्रभावित होकर राबड़ी देवी ने अपने हाथ का हीरे जड़ा कंगन उतारकर उन्हें उपहार स्वरूप भेंट कर दिया।
उपहार मिलने के बाद छोटू छलिया ने कहा, “राबड़ी मां मुझे हमेशा स्नेह देती हैं। वे मुझे अपने बेटे की तरह मानती हैं। पहले मुझे सोने की चेन और अंगूठी मिली थी, और अब हीरे का कंगन मिला है।” दिनभर बिहार के विभिन्न जिलों से राजद कार्यकर्ता और नेता लालू यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पटना पहुंचे। इस दौरान लालू यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी का हाथ थामकर आवास से बाहर आए और समर्थकों का अभिवादन किया। अपने पुराने अंदाज में उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्वयं भोजन परोसकर उनका स्वागत भी किया।
राजद प्रमुख का यह जन्मदिन केवल पटना तक सीमित नहीं रहा। बिहार के विभिन्न जिलों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर, सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर और जनसंपर्क अभियान चलाकर अपने नेता का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया
