मुजफ्फरपुर में देर रात पुलिस-मुठभेड़, कुख्यात अपराधी अमित सिंह घायल, साथी फरार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर, 17 जून। मुशहरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात बदमाश घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे भटौलिया नहर पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

भागने के क्रम में बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने गोलीबारी जारी रखी, जिससे पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान अमित सिंह के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी इमरान मौके से फरार होने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही बेला और मुशहरी थानाध्यक्ष, सकरा डीएसपी तथा ग्रामीण एसएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अमित सिंह मुशहरी के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में आरोपित है। इसके अलावा उसके खिलाफ महुआ थाना में रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कुल चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अमित सिंह के कब्जे से एक देसी पिस्टल, पांच खोखे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। अवैध हथियार बरामद होने के मामले में उसके खिलाफ मुशहरी थाना में एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। ग्रामीण एसएसपी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article