गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 45 लाख लूटकांड के दो आरोपी हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार

अपराध पर पुलिस का कड़ा प्रहार, 45 लाख लूटकांड का खुलासा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: गया पुलिस ने 45 लाख रुपये के चर्चित लूटकांड का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बीती देर रात आमस थाना क्षेत्र के बनाही मोड़ के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।


गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सुनील कुमार उर्फ सुजीत चौधरी और श्रवण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुजीत चौधरी के पैर में दो गोलियां लगी हैं, जबकि श्रवण कुमार के पैर में एक गोली लगी है। दोनों के कब्जे से लूटे गए जेवरात का कुछ हिस्सा भी बरामद किया गया है।
27 मई को हुई थी 45 लाख की लूट
गौरतलब है कि 27 मई को गुरुआ थाना क्षेत्र के गुरुआ बाजार में एक आभूषण व्यवसायी को गोली मारकर अपराधियों ने करीब 40 लाख रुपये के गहने और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। घटना उस समय हुई थी जब व्यवसायी दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे। अपराधी गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे और भागने के दौरान अंधाधुंध फायरिंग भी की थी।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुआ लूटकांड में शामिल अपराधी आमस थाना क्षेत्र के बनाही मोड़ के पास जमा हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधी घायल होकर पकड़े गए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लूटकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article