NEWS PR डेस्क: मुंगेर, 09 जुलाई। कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित लल्लू पोखर में गुरुवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर अंकेश राज गौंड के आवास पर अचानक छापेमारी शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ईओयू की टीम ने लल्लू पोखर स्थित आवास के साथ-साथ चंदनबाग स्थित अंकेश राज गौंड के दूसरे घर पर भी एक साथ तलाशी अभियान चलाया। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जांच टीम ने दोनों परिसरों को अपने नियंत्रण में लेकर किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने फिलहाल पूरे अभियान को लेकर चुप्पी साध रखी है और कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, अंकेश राज गौंड लंबे समय तक सीवान जिले में उत्पाद विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान विभाग की कई अहम और चर्चित कार्रवाई भी सामने आई थीं। वर्तमान में उनके मुंगेर स्थित दोनों आवासों की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लल्लू पोखर स्थित मकान करीब दो वर्ष पहले अशोक शहनी से लगभग 1.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। बताया जा रहा है कि जांच टीम संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है। हालांकि इस संबंध में भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने और आर्थिक अपराध इकाई की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई का आधार क्या है और टीम को जांच के दौरान क्या-क्या महत्वपूर्ण तथ्य या दस्तावेज मिले हैं।
