NEWS PR डेस्क:सुपौल जिले के महद्दीपुर में बुधवार देर रात पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोरी की बड़ी कोशिश को ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम कर दिया गया। रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात नकाबपोश चोर बैंक परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शोर मचने पर सभी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चोरों का एक समूह पहले बिजली का कनेक्शन काटकर बैंक परिसर में अंधेरा फैलाने में सफल रहा। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए गए और शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया गया। अंदर लोहे की ग्रिल मिलने के बाद चोर ताला काटने की कोशिश कर रहे थे।
संदिग्ध लोग अंदर मौजूद
इसी दौरान गांव से लौट रही बारात की गाड़ियों के ब्रेकर पर धीमी गति होने के कारण कुछ लोगों की नजर बैंक शाखा पर पड़ी। उन्होंने देखा कि शटर आधा खुला हुआ है और संदिग्ध लोग अंदर मौजूद हैं। तुरंत शोर मचाया गया, जिससे चौकीदार और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ते ही चोर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरों में कुछ सेकंड की फुटेज मिली
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों में कुछ सेकंड की फुटेज मिली है, जिसमें नकाबपोश चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। बताया जा रहा है कि यह बैंक शाखा पहले यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के नाम से संचालित होती थी, जिसे बाद में पंजाब नेशनल बैंक में मर्ज कर दिया गया। तीन महीने पहले इसे किराए के मकान में शिफ्ट किया गया था।
बैंक शाखा में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक शाखा में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं थी और केवल चौकीदार के भरोसे ही सुरक्षा चल रही थी। यदि चोर भीतर घुसने में सफल हो जाते तो बड़ी चोरी की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। शाखा प्रबंधक गुड़िया कुमारी ने बताया कि चोरों ने शटर तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस को जानकारी दी गई और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और केस दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
