बिपार्ड पटना को मिला तीसरा ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र, प्रशासनिक प्रशिक्षण में गुणवत्ता का अंतरराष्ट्रीय सम्मान

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 06 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में बिपार्ड (बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान), पटना को बिहार का तीसरा ISO 9001:2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। आईएसओ प्रमाणीकरण संस्था के पदाधिकारी तरुण स्वरूप ने बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर को यह प्रमाण-पत्र सौंपा। इससे पहले बिपार्ड, गया और सामान्य प्रशासन विभाग को यह प्रमाणन मिल चुका है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिपार्ड को ISO 9001:2015 प्रमाण-पत्र मिलने पर संस्थान के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण-पत्र संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण है। यह बिहार की संस्थाओं के विश्वस्तरीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करने का भी संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिपार्ड राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान में पूरे वर्ष नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण की व्यवस्था संचालित रहती है। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है और सुशासन को मजबूती मिलती है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उन्होंने कहा कि बिहार को सुशासन, गुणवत्ता, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और उत्कृष्ट लोक सेवा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने का लक्ष्य है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बिपार्ड, गया और पटना में प्रशिक्षण क्षमता का विस्तार किया जाए। साथ ही आधुनिक तकनीकों, प्रबंधन पद्धतियों और प्रशासनिक नवाचारों को शामिल करते हुए संस्थान की कार्यक्षमता को लगातार मजबूत बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधनों, मानवबल और पाठ्यक्रमों को सुदृढ़ करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से काम करने का निर्देश दिया, ताकि दोनों संस्थान राज्य में क्षमता निर्माण और सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो सकें।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और आईएसओ प्रमाणीकरण संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article