बिहार में बड़ा IAS ट्रांसफर: 14 अधिकारियों का तबादला, कई पूर्व DM को मिली नई जिम्मेदारी

बिहार सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 14 IAS अधिकारियों का तबादला किया, कई जिलों के पूर्व डीएम को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:बिहार सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 14 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला और नई तैनाती की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया गया है। इस फेरबदल में हाल ही में स्थानांतरित किए गए कई जिलाधिकारियों (DM) को नई भूमिकाएं सौंपी गई हैं। साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।


पूर्व डीएम को मिली नई जिम्मेदारी
भागलपुर के पूर्व जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। बांका के पूर्व डीएम नवदीप शुक्ला को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। गोपालगंज के पूर्व डीएम पवन कुमार सिन्हा को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि किशनगंज के पूर्व डीएम विशाल राज को बिहार राज्य पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
नगर विकास और आधारभूत संरचना विभाग में बदलाव
बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (BUIDCo) के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर को नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव निलेश रामचंद्र देवरे को भी नगर विकास एवं आवास विभाग में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुधा डेयरी और सड़क विकास निगम में नई तैनाती
बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक को कम्फेड (सुधा डेयरी) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वे अपने अन्य अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल को बिहार राज्य पथ विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में भी बदलाव
बिहारशरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक को प्राथमिक शिक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है। बिहार राज्य बीज निगम के प्रबंध निदेशक स्पर्श गुप्ता को राज्य स्वास्थ्य समिति का अपर कार्यपालक निदेशक बनाया गया है। वहीं निर्वाचन विभाग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वित्त, पर्यटन और पथ निर्माण विभाग में नियुक्तियां
मुजफ्फरपुर के उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम को वित्त विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया को पथ निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। भागलपुर के उप विकास आयुक्त प्रदीप सिंह को पर्यटन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
जीविका और राजस्व परिषद में नई जिम्मेदारी
औरंगाबाद की उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह को जीविका में अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें मनरेगा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं पूर्णिया नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार मंगलम को राजस्व परिषद का सचिव नियुक्त किया गया है। राजस्व परिषद के सचिव को पूर्णिया नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। बिहार सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न विभागों में कार्यकुशलता बढ़ेगी और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article