गया में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल में छिपा 5 किलो IED बरामद

नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी

Rashmi Tiwari

गया जिले के अतिनक्सल प्रभावित लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। सिंघवा जंगल के पहाड़ी इलाके में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो वजनी शक्तिशाली प्रेशर मैकेनिज्म IED बरामद किया। सुरक्षाबलों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया, जिसने अत्यंत सावधानी के साथ विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, नक्सली गतिविधियों की सूचना के बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम लगातार जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि का संकेत मिला। गहन जांच के दौरान जमीन के अंदर छिपाया गया IED मिला, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और बड़ी घटना को अंजाम देने की मंशा से यह विस्फोटक लगाया था। हालांकि जवानों की सतर्कता और लगातार चल रहे अभियान के कारण उनकी यह साजिश विफल हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी अन्य विस्फोटक या नक्सली गतिविधि की संभावना को खत्म किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि गया के सीमावर्ती जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी नक्सली गतिविधि से सख्ती से निपटा जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते बड़ी घटनाओं को रोका जा सके।

गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article