NEWS PR डेस्क: पटना, 12 जुलाई। राजधानी पटना के राजेंद्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार तड़के करीब 4:30 बजे भीषण आग लगने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिकल रूम में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत इलेक्ट्रिकल रूम से हुई और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें परिसर में रखे वेस्ट ऑयल (जले हुए मोबिल) तक पहुंच गईं, जिससे आग ने तेजी से पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब 15 दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पास में खड़े रेलवे कोच और अन्य महत्वपूर्ण उपकरण भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

आग की चपेट में आने से कोचिंग कॉम्प्लेक्स में खड़ी एक रेलवे क्रेन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा इलेक्ट्रिकल उपकरण, केबल और अन्य सामग्री को भी भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से प्रभावित हिस्से में तकनीकी गतिविधियां रोक दी गई हैं। इससे रेलवे कोचों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट आग की वजह प्रतीत हो रहा है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रेलवे प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन प्रणाली और सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा करने का निर्णय लिया है।
