गिग वर्कर्स के लिए बने एसी लाउंज का मंत्री ने किया निरीक्षण,सुविधाओं का लिया जायजा

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 24 जून। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को पटना में गिग वर्कर्स के लिए विकसित किए गए अत्याधुनिक एयर-कंडीशंड (एसी) लाउंज का निरीक्षण किया। गांधी मैदान गेट नंबर-4 और आयकर गोलंबर के समीप निर्मित इन लाउंजों में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने इनके सुचारु संचालन एवं बेहतर रखरखाव के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि बदलती शहरी अर्थव्यवस्था में गिग वर्कर्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुओं एवं विभिन्न सेवाओं की त्वरित डिलीवरी सुनिश्चित करने में उनकी अहम भागीदारी है। ऐसे कर्मियों के लिए बेहतर कार्य परिवेश और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “गिग वर्कर्स के लिए एसी लाउंज जैसी सुविधा श्रमिक कल्याण एवं समावेशी शहरी विकास की दिशा में बिहार सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

उल्लेखनीय है कि गिग वर्कर्स के लिए विशेष रूप से एसी लाउंज की व्यवस्था करने वाला पटना देश का तीसरा शहर बन गया है। यह सुविधा स्विगी, जोमैटो और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से जुड़े डिलीवरी पार्टनर्स तथा गिग वर्कर्स को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है, जो दिनभर शहर के विभिन्न हिस्सों में सेवाएं प्रदान करते हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

इन लाउंजों में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, स्वच्छ वातावरण और विश्राम की अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे गिग वर्कर्स को भीषण गर्मी, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के दौरान राहत मिलेगी तथा वे अपने कार्य के बीच आराम कर सकेंगे। प्रत्येक लाउंज में एक समय में लगभग 15 गिग वर्कर्स के बैठने की क्षमता है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्विगी, जोमैटो और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से जुड़े गिग वर्कर्स के साथ संवाद भी किया। उन्होंने उनके कार्य अनुभव, दैनिक चुनौतियों और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

इस अवसर पर गिग वर्कर्स ने एसी लाउंज जैसी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल उनके लिए अत्यंत उपयोगी है और इससे कार्य के दौरान बेहतर सुविधा एवं राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सह प्रबंध निदेशक, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के यशपाल मीणा सहित विभागीय अधिकारी एवं पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article