NEWS PR डेस्क : बिहार विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव 2026 को लेकर सियासी तस्वीर अब और स्पष्ट हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने पटना शिक्षक, कोशी स्नातक, दरभंगा स्नातक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी उतारे हैं। BJP की ओर से जारी सूची के अनुसार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोशी स्नातक से डॉ. एन.के. यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 8 सीटों पर चुनाव होना है। NDA में शामिल जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भी चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। JDU ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से धनश्याम राय को प्रत्याशी बनाया है। इस तरह BJP और JDU ने आठ सीटों में चार-चार सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
29 सितंबर से शुरू हुआ नामांकन
बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव को लेकर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।