मुंबई में बारिश और भूस्खलन का कहर, चॉल का हिस्सा ढहा; 6 की मौत, 4 घायल

Shreya Raj
मुंबई के कुर्ला में भूस्खलन के बाद मौके पर मलबे और राहत-बचाव का दृश्य।

NEWS PR डेस्क : मुंबई : मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के भूस्खलन की वजह से एक चॉल का हिस्सा ढह गया। हादसा कुर्ला इलाके के चिरागनगर स्थित गौसिया चॉल में हुआ। पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर नीचे बने दो से तीन मकानों पर जा गिरा, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं।

सुबह 3:48 बजे मिली हादसे की सूचना

हादसे की सूचना बुधवार सुबह करीब 3:48 बजे मिली। जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। टीमों ने तुरंत मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की और राहत-बचाव अभियान चलाया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC के अधिकारियों के मुताबिक, पहाड़ी की ढलान से मिट्टी और मलबा खिसककर नीचे बने दो से तीन मकानों पर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से कई लोग दब गए। राहतकर्मियों ने तत्काल अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतकों में दो बच्चे भी शामिल

बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल लोगों को घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मनात आरिफ शेख (4) और मरजीना आरिफ शेख (27) के रूप में हुई है।

चार घायल, BMC अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल चार लोगों की पहचान सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) के रूप में हुई है। सभी घायलों को कुर्ला स्थित BMC के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, चारों की हालत फिलहाल स्थिर है।

लगातार बारिश के बीच बढ़ा भूस्खलन का खतरा

मुंबई में मंगलवार से ही तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में मिट्टी खिसकने का खतरा बढ़ गया है। कुर्ला की घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

मेयर ऋतु तावड़े ने लिया जायजा

मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों और प्रभावित मकानों की स्थिति का आकलन कर रही हैं। साथ ही मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाश अभियान भी जारी रखा गया।

Share This Article