NEWS PR डेस्क: राजधानी पटना में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई के दौरान करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद होने से हड़कंप मच गया। मामला चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में मेन रोड के पास स्थित एक अपार्टमेंट का है। कार्रवाई के दौरान एक युवक को पुलिस ने नकदी के साथ पकड़ लिया, जबकि NIA की टीम ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है।

बताया जा रहा है कि NIA की टीम जुडियो मॉल के नजदीक मौजूद एक अपार्टमेंट में जांच के सिलसिले में पहुंची थी। इसी दौरान टीम की गतिविधि को देखकर वहां मौजूद एक व्यक्ति अचानक घबरा गया और तेजी से बाहर निकलने लगा। वह अपार्टमेंट से नीचे पहुंचकर स्कूटी के जरिए मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, परिसर के बाहर STF और चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस की मौजूदगी के चलते उसकी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
स्कूटी की डिक्की से मिले करीब 20 लाख रुपये
पकड़े जाने के बाद पुलिस ने युवक की जांच की। इस दौरान उसकी स्कूटी के डिक्की में एक बैग मिला, जिसमें लगभग 20 लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और नकदी के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है। चित्रगुप्त नगर थाना प्रभारी शंकर झा के अनुसार, युवक के पहचान पत्र की जांच में उसकी पहचान अनमोल कुमार मोदी के तौर पर हुई है। वह पूर्वी चंपारण के चकिया क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 का रहने वाला बताया जा रहा है।।
रकम के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, अनमोल कुमार मोदी से बरामद रकम के बारे में लगातार पूछताछ की जा रही है। अब तक वह इतनी बड़ी नकदी के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया है। मामले की सूचना इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। नकदी के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर आगे की जांच जारी है।
NIA ने एक अन्य युवक को भी लिया हिरासत में
इधर, इसी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम ने आतंकी गतिविधियों से कथित तौर पर जुड़े एक अन्य युवक को भी अपने साथ ले गई है। सूत्रों के अनुसार, कुसुम इनफिनिटी के फ्लैट नंबर 609 से एक मोस्टवांटेड आरोपी को पकड़े जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में जांच एजेंसियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।