NEWS PR डेस्क: राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई बुधवार को एक बार फिर शुरू हुई। साई कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में जांच एजेंसी की टीम ने दोबारा तलाशी अभियान चलाया। खास बात यह है कि इसी परिसर में महज तीन दिनों के भीतर NIA की यह दूसरी कार्रवाई है।

रविवार को भी NIA की टीम इसी अपार्टमेंट में पहुंची थी। उस समय जांच के बाद टीम को कोई खास सफलता नहीं मिलने की बात सामने आई थी। बुधवार को एजेंसी की टीम एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार करने के बाद पटना लेकर पहुंची और उसकी निशानदेही पर अपार्टमेंट में तलाशी शुरू की।
दो फ्लैटों में चल रही जांच
जानकारी के अनुसार, NIA की टीम साई कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1206 और 609 में तलाशी ले रही है। दोनों फ्लैट संदीप नामक व्यक्ति के नाम पर लिए जाने की जानकारी सामने आई है।जांच के दौरान एजेंसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि जांच टीम को आशंका है कि मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण डिजिटल या अन्य सबूत इन फ्लैटों में मिल सकते हैं।
रांची RSS कार्यालय हमले से जुड़ा मामला
NIA की यह कार्रवाई झारखंड के रांची में RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच से जुड़ी बताई जा रही है। इस मामले में दिल्ली से एक युवक की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी उसे लेकर पटना पहुंची है।गिरफ्तार युवक से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर अब पटना में संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में चित्रगुप्त नगर स्थित अपार्टमेंट में फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।
NIA के साथ STF और स्थानीय पुलिस भी मौजूद
छापेमारी के दौरान NIA की टीम के अलावा चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस और बिहार STF के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आसपास के इलाके में भी पुलिस की तैनाती की गई है।फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। तलाशी के दौरान कौन-कौन से सामान या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी NIA की ओर से नहीं की गई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।