मैट्रिक-इंटर में फेल छात्रों के लिए बड़ी खबर, सरकार देगी मुफ्त कोचिंग और स्टडी मैटेरियल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में असफल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है अब फेल विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग और विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन दिया जाएगा। शिक्षा विभाग इस योजना को इसी वर्ष से लागू करने की तैयारी में जुटा है, ताकि आर्थिक कारणों से कोई विद्यार्थी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी से वंचित न रहे।

इस योजना के तहत विद्यार्थियों को उस विषय में विशेष रूप से तैयारी कराई जाएगी, जिसमें वे परीक्षा में असफल हुए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से ऐसे विद्यार्थियों का प्रमंडलवार आंकड़ा जुटाया जा रहा है, जिसके आधार पर कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
फेल छात्रों के लिए स्कूल के पास बनेगा कोचिंग सेंटर
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों को उनके विद्यालय के आसपास ही मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना है। मैट्रिक और इंटर में फेल हुए विद्यार्थियों के लिए एक ही केंद्र पर विशेष कक्षाएं संचालित की जा सकती हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से भी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे दूर रहने वाले विद्यार्थियों को भी तैयारी का अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।
पिछली परीक्षा के अंकों के आधार पर होगी तैयारी
इस योजना में हर विद्यार्थी की तैयारी उसकी पिछली परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर तय की जाएगी। शिक्षा विभाग संबंधित विद्यार्थी के प्रत्येक विषय में प्राप्त अंकों का आकलन करेगा और यह देखा जाएगा कि वह किस विषय में सबसे कमजोर है। जिस विषय में विद्यार्थी असफल हुआ है, उस विषय पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार संबंधित विद्यार्थी के लिए अतिरिक्त अभ्यास और मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाएगी।
विशेषज्ञ शिक्षक देंगे मार्गदर्शन
मुफ्त कोचिंग में विशेषज्ञ शिक्षकों की टीम विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी कराएगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी शैक्षिक सामग्री भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। कोचिंग के दौरान समय-समय पर छोटे-छोटे टेस्ट भी लिए जाएंगे। इन टेस्ट के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि विद्यार्थी परीक्षा के लिए कितनी तैयारी कर चुका है और किन विषयों या अध्यायों में उसे अभी और मेहनत की जरूरत है।

Share This Article