NEWS PR डेस्क: पटना, 25 मार्च। बिहार की राजनीति में इस समय इस्तीफों को लेकर जारी अटकलों के बीच बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। भाजपा नेता नितिन नवीन के रविवार को इस्तीफा देने की चर्चा थी, लेकिन अचानक कार्यक्रम में बदलाव होने से यह टल गया। बताया जा रहा है कि वह अचानक असम के लिए रवाना हो गए, जिसके कारण तय कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ सका।
अब उनके पास 30 मार्च तक इस्तीफा देने का समय है, और माना जा रहा है कि नई तारीख तय होते ही वह औपचारिक रूप से पद छोड़ देंगे।
प्रेम कुमार ने दी सफाई
इस पूरे घटनाक्रम पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले ही इस्तीफे की सूचना मिल चुकी थी, इसी वजह से वह दिल्ली से पटना लौट आए थे। हालांकि, नितिन नवीन को अचानक एक जरूरी काम से बाहर जाना पड़ा, जिससे प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है।उन्होंने यह भी साफ किया कि मौजूदा नियमों के तहत ऑनलाइन या वर्चुअल तरीके से इस्तीफा देना संभव नहीं है।
दोहरी जिम्मेदारी छोड़नी होगी
हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन को राज्यसभा के लिए भी चुना गया है। नियम के अनुसार, कोई भी जनप्रतिनिधि एक साथ दो पदों पर नहीं रह सकता, इसलिए उन्हें विधायक पद छोड़ना अनिवार्य है। नितिन नवीन पटना की बांकीपुर सीट से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं और इस क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
नीतीश कुमार को लेकर भी बढ़ी चर्चा
राज्यसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि उन्हें भी अपने मौजूदा पद से इस्तीफा देना पड़ सकता है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है।
बांकीपुर में उपचुनाव की आहट
फिलहाल बिहार की राजनीति की नजर 30 मार्च पर टिकी हुई है, जब इस्तीफों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकती है और आगे की सियासी दिशा तय होगी।