NEWS PR डेस्क : – बिहार में ठंड का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल राहत मिल सकती है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में भी राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं दिख रहे हैं। चक्रवात अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। हालांकि सुबह के समय कोहरा और रात में ठंड का एहसास बना रह सकता है।
अगले दो दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में इतनी ही गिरावट आने की संभावना है। यानी दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है और राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
अभी ठंड के लिए करना होगा इंतजार
चक्रवात के प्रभाव से बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश और मौसम में बदलाव जरूर देखने को मिला, लेकिन इससे पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड की स्थिति बनने की संभावना नहीं है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच मौसम सामान्य बना रह सकता है।
ऐसे में सुबह और रात के समय घर से निकलने वाले लोगों को हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। फिलहाल बिहार में ठंड की दस्तक तो हो चुकी है, लेकिन सर्दी के अपने पूरे तेवर दिखाने में अभी वक्त लग सकता है।