ओएचई इंसुलेटर हुक टूटने से पश्चिम चंपारण में दो घंटे थमा रेल परिचालन, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें प्रभावित

Shreya Raj

पश्चिम चंपारण: जिले के बगहा में गुरुवार सुबह गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन) के इंसुलेटर हुक टूट जाने से करीब दो घंटे तक रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित रहा। बगहा और खरपोखरा के बीच स्थित पुल संख्या-349 के पास हुई इस तकनीकी खराबी के कारण गोरखपुर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई यात्री और मालगाड़ियों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।

वंदे भारत और पैसेंजर ट्रेनें बीच रास्ते में रुकीं

तकनीकी खराबी के कारण गोरखपुर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को पनिअहवा स्टेशन पर रोकना पड़ा, जबकि नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर ट्रेन संख्या 55097 खैरपोखरा स्टेशन पर खड़ी रही। इसके अलावा कई अन्य यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ और उन्हें अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। अचानक रेल परिचालन बाधित होने से यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और उनकी यात्रा प्रभावित हुई।

आरपीएफ और तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ बगहा के पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे और रेलवे के संबंधित अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद नरकटियागंज से तकनीकी टीम टावर वैगन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त ओएचई इंसुलेटर का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया और तकनीकी खराबी को दूर करने में जुट गई।

मरम्मत के बाद बहाल हुआ परिचालन, तकनीकी कारणों की जांच जारी

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त इंसुलेटर की मरम्मत कर ओएचई लाइन को फिर से चालू किया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका। रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुराने इंसुलेटर तथा पुल पर होने वाले कंपन (वाइब्रेशन) को इस तकनीकी खराबी का संभावित कारण माना जा रहा है हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

चम्पारण से मोहम्मद इम्तयाज़

Share This Article