बगहा पश्चिम चंपारण के बगहा और वाल्मीकिनगर में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मंगलवार को प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सड़क मार्ग से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया और चखनी के खैरटवा के पास टूटे चंपारण तटबंध का निरीक्षण किया, तटबंध टूटने के बाद आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने से लोगों की परेशानी बढ़ी है।
तटबंध टूटने पर विभाग पर उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान पप्पू यादव ने तटबंध की स्थिति को लेकर सरकार और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दो साल के भीतर चंपारण तटबंध का दो बार टूटना गंभीर विषय है। उन्होंने तटबंध टूटने की जिम्मेदारी तय करते हुए दोषी संवेदक और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
बाढ़ पीड़ितों से मिले, राहत सामग्री बांटी
सांसद ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री के साथ नगद सहायता भी वितरित की गई। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर बाढ़ के कारण हुई परेशानियों और जरूरी मदद की जानकारी ली।
बगहा-वाल्मीकिनगर को आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग
पप्पू यादव ने सरकार से बगहा और वाल्मीकिनगर को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की। उन्होंने तत्काल राहत और बचाव अभियान तेज करने, तटबंधों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की बात कही।
वहीं, तटबंध टूटने के समय मौके पर मौजूद संवेदक के सहयोगी ने भी घटना को लेकर अपनी आपबीती बताई। उनके बयान से तटबंध की निगरानी और बचाव कार्य को लेकर सवाल उठे हैं। अब प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर ,
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-