NEWS PR डेस्क:: पटना में मेडिकल छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को प्रदर्शन हुआ। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए पैदल मार्च पर निकले। पप्पू यादव ने छात्रों के साथ गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहे तक मार्च किया। डाकबंगला चौराहे पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पप्पू यादव ने प्रदर्शनकारी छात्रों को संबोधित करते हुए बिहार सरकार पर छात्र हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

मेडिकल छात्रों ने रखीं कई मांगें
प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (BUHS) में स्थायी कुलपति की नियुक्ति की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्थायी कुलपति की नियुक्ति से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। इसके अलावा परीक्षा की कॉपियों की दोबारा जांच की व्यवस्था लागू करने और शैक्षणिक कैलेंडर को समयबद्ध तरीके से लागू करने की मांग की गई। छात्रों ने कहा कि तय समय पर परीक्षा और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होना जरूरी है।

स्टाइपेंड की भी मांग
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से जुड़े छात्रों को स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। पप्पू यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में गांव-गांव जाकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।