खाट पर मरीज, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर; दोन क्षेत्र में इलाज के लिए ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी !

Muskan Gupta

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां खाट पर मरीज को अस्पताल ले जाने को मजबूर ग्रामीण, दोन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली


बगहा अनुमंडल के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, खराब सड़क और एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने से ग्रामीणों को इलाज के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रामनगर प्रखंड की नौरंगिया पंचायत के गर्दी दोन निवासी शुताही महतो की 55 वर्षीय पत्नी कुमारी देवी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को उन्हें खाट पर लिटाकर अस्पताल ले जाना पड़ा।


बताया गया कि लगातार बारिश के कारण हरहा नदी में पानी बढ़ गया है, जबकि क्षेत्र की सड़कें भी बदहाल हैं। बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित होने से गांव में समय पर वाहन नहीं पहुंच सका। इसके बाद परिजन खाट के सहारे मरीज को नौरंगिया स्थित निजी अस्पताल ले गए,

जहां उसका इलाज कराया गया।


स्थानीय अजय कुमार ने बताया कि हरहा नदी में पानी बढ़ने के कारण मरीज को हरनाटांड़ ले जाना मुश्किल है। वहीं, समाजसेवी देवराज महतो ने कहा कि बरसात में दोन क्षेत्र की स्थिति और गंभीर हो जाती है। हरनाटांड़ करीब 22 किलोमीटर दूर है और रास्ते में कई बार नदी पार करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट :—

Share This Article