NEWS PR डेस्क : हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें हार्ट अटैक आया था। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की पुष्टि की।

कुकू कोहली का नाम खास तौर पर अजय देवगन के बॉलीवुड डेब्यू से जुड़ा है। साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘फूल और कांटे’ का निर्देशन कुकू कोहली ने किया था। यही फिल्म अजय देवगन की पहली फिल्म थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और अजय देवगन रातोंरात दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे।
राज कपूर के साथ शुरू किया फिल्मी सफर
फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखने से पहले कुकू कोहली ने राज कपूर के साथ काम किया था। उन्होंने राज कपूर की फिल्म ‘बॉबी’ में असिस्टेंट के तौर पर काम करते हुए सिनेमा की बारीकियां सीखीं। इसके बाद कुकू कोहली ने ‘बेताब’ में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। सनी देओल और अमृता सिंह स्टारर यह फिल्म सफल रही थी। बाद में उन्होंने ‘अर्जुन’ जैसी फिल्मों में भी काम किया।
‘फूल और कांटे’ के बाद कई फिल्मों का किया निर्देशन
कुकू कोहली ने बतौर निर्देशक कई चर्चित फिल्मों का निर्माण किया। ‘फूल और कांटे’ की सफलता के बाद उन्होंने ‘सुहाग’, ‘कोहराम’, ‘हकीकत’ और ‘जुल्मी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया हालांकि, उनके करियर की सबसे खास पहचान ‘फूल और कांटे’ ही रही, क्योंकि इसी फिल्म के जरिए उन्होंने अजय देवगन को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च किया था।
निजी जिंदगी भी रही चर्चा में,
कुकू कोहली का असली नाम अवतार कोहली था। उनकी पहली शादी रीता कोहली से हुई थी। दोनों की दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं। इसके बाद उन्होंने अभिनेत्री अरुणा ईरानी से दूसरी शादी की। दोनों ने 1990 में शादी की थी, हालांकि लंबे समय तक इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया गया।
कल होगी अंतिम विदाई
कुकू कोहली की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह 11 बजे मुंबई स्थित उनके आवास ग्रीन एकर्स, लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स, अंधेरी पश्चिम से निकलेगी। उनका अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान घाट में किया जाएगा। कुकू कोहली के निधन के साथ हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया, जिनकी सबसे बड़ी विरासतों में से एक अजय देवगन को बड़े पर्दे पर पहली बार पेश करना भी है।