NEWS PR डेस्क : औरंगाबाद शहर के सदर अस्पताल परिसर में मंगलवार को प्रेम प्रसंग और दूसरी शादी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर से जुड़े इस मामले में प्रेमी के परिजनों पर प्रेमिका और उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप है। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी संबंधित लोगों को पकड़कर थाने ले गई। वहां उनसे पूछताछ की गई।
वाजिदपुर का रहने वाला है युवक, पहले से तीन बच्चों का पिता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव का है। परिजनों का आरोप है कि वाजिदपुर निवासी युवक पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को छोड़कर एक दूसरी महिला के साथ शादी करने की तैयारी कर रहा था। बताया गया है कि जिस महिला से युवक शादी करने की तैयारी कर रहा है, वह भी पांच बच्चों की मां है। युवक की दूसरी शादी की जानकारी मिलते ही उसके परिजन नाराज हो गए और उन्होंने युवक का विरोध शुरू कर दिया।
युवक की पिटाई के बाद कोर्ट से बनवाए कागजात, इलाज के लिए पहुंचा अस्पताल
परिजनों के अनुसार, दूसरी शादी की बात सामने आने के बाद युवक के परिजनों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। मारपीट में घायल होने के बाद युवक ने कोर्ट से आवश्यक कागजात बनवाए और इलाज कराने के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंच गया।
इसी दौरान युवक के अस्पताल पहुंचने की जानकारी उसके परिजनों को मिल गई। इसके बाद वे लाठी-डंडे लेकर सदर अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवक के परिजनों ने उसकी प्रेमिका और उसके साथ आए लोगों के साथ जमकर मारपीट की।

प्रेमिका को सोना-चांदी देने का भी आरोप
युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी कमाई से सोना-चांदी, मंगलसूत्र और चेन समेत कई कीमती सामान खरीदे थे। परिजनों का कहना है कि इनमें से कुछ गहने उसकी भतीजी के लिए बनवाए गए थे, लेकिन युवक ने कथित तौर पर ये सामान दूसरी महिला को दे दिए। परिजनों का आरोप है कि युवक दूसरी महिला को बहला-फुसलाकर उससे शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसी बात को लेकर परिवार के लोगों में काफी नाराजगी थी।
पिता को मिली जानकारी तो कोर्ट पहुंचे परिजन
मामले की जानकारी देते हुए युवक की एक महिला परिजन ने बताया कि युवक अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को छोड़कर दूसरी महिला से शादी करने के लिए कोर्ट में कागजात बनवा रहा था। इसके बाद वह इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा था।
महिला परिजन के अनुसार, जब इस पूरे मामले की जानकारी युवक के पिता को मिली तो परिवार के लोग कोर्ट पहुंचे। युवक के पिता शहर में एक गैस एजेंसी में गाड़ी चलाने का काम करते हैं। इसके बाद मामले को लेकर विवाद और हंगामा बढ़ता चला गया।
अस्पताल में करीब दो घंटे तक चला हंगामा
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास हुई मारपीट और हंगामे के कारण करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। अस्पताल परिसर में स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने नगर थाने को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस के साथ डायल 112 की टीम भी सदर अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी लोगों को पकड़कर नगर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर भेजा
फिलहाल इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी हालांकि, नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और उन्हें भेज दिया गया। पत्नी और तीन बच्चों को छोड़कर पांच बच्चों की मां के साथ शादी करने की तैयारी के आरोप से जुड़ा यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
औरंगाबाद से रिपोर्टर : रुपेश