पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक मोड़ लेकर आया, जब सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारी जनसमर्थन और पार्टी शक्ति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला।

पीएम मोदी ने माखनलाल सरकार को किया सम्मानित
वहीं शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को सम्मानित कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 98 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को मंच पर सम्मानित करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाई और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिससे पूरा माहौल भावुक हो उठा। माखनलाल सरकार को पश्चिम बंगाल में भाजपा और राष्ट्रवादी विचारधारा के शुरुआती जमीनी नेताओं में गिना जाता है। उनका राजनीतिक जीवन लंबे संघर्षों से भरा रहा है। 1952 में वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर आंदोलन में शामिल रहे और तिरंगा फहराने के अभियान के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।

टैगोर को श्रद्धांजलि और राजनीतिक संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी के पास जाकर झुककर अभिवादन किया। राज्यपाल आर. एन. रवि ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टूडू और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण के साथ ही पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां भाजपा ने पहली बार राज्य की सत्ता संभाली है।