गया में पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम, आईजी विकास वैभव ने संभाला मोर्चा

गया में पुलिस और जनता के बीच संवाद, आईजी विकास वैभव ने सुनी समस्याएं

Rashmi Tiwari

गयाजी में नवपदस्थापित मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने पदभार संभालने के दूसरे ही दिन सक्रियता दिखाते हुए पुलिस और जनता के बीच संवाद स्थापित करने की पहल की। बुधवार को गया शहर के रेड क्रॉस परिसर में पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और साधु-संत शामिल हुए।
जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना
कार्यक्रम के दौरान आईजी विकास वैभव ने आम लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने गंभीरता से चर्चा की।आईजी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाज और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
जनता से सहयोग की अपील
विकास वैभव ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।संवाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था, बढ़ते अपराध, छेड़खानी और नशाखोरी जैसे गंभीर मुद्दों को भी उठाया। इस पर आईजी ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा और जन शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई होगी।
बेहतर पुलिसिंग की ओर कदम
कार्यक्रम को लोगों ने एक सकारात्मक और सराहनीय पहल बताया। उनका कहना था कि इस तरह के संवाद से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा। इस मौके पर एसएसपी सुशील कुमार, रामानुजाचार्य मठ के मठाधीश जगत गुरु स्वामी वेंकेटेश प्रपन्नाचार्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article