NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर, 09 जून। जिले के पारू थाना क्षेत्र स्थित दामोदरपुर गांव में सोमवार देर रात शराब तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव में एक महिला सिपाही समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार पारू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दामोदरपुर गांव में एक शराब कारोबारी बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की एक टीम देर रात करीब दो बजे छापेमारी के लिए गांव पहुंची। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चिन्हित धंधेबाज को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद भड़की भीड़
पुलिस की कार्रवाई से नाराज कुछ स्थानीय लोगों और असामाजिक तत्वों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद पुलिस पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी गई। अचानक हुए हमले में कई पुलिसकर्मी संभलने का मौका भी नहीं पा सके।
पुलिस वाहन को भी पहुंचाया नुकसान
उपद्रवियों ने पथराव के दौरान पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। वाहन के पिछले हिस्से को ईंट-पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमले के बाद पुलिस टीम को किसी तरह मौके से निकलना पड़ा।
चार जवान एसकेएमसीएच रेफर
घटना में कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार पुलिसकर्मियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।
रेफर किए गए घायलों में सन्नी कुमार (31), पुलकित कुमार (30), रामभरोस यादव (50) और महिला सिपाही पुष्पा कुमारी (26) शामिल हैं। वहीं मो. मुमताज, अजय कुमार (50), पंकज कुमार (24) और विवेक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद वापस थाने भेज दिया गया।
दोषियों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन
घटना के बाद पारू थाना पुलिस और जिला पुलिस बल ने दामोदरपुर गांव में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
