NEWS PR डेस्क: गया, 07 जून। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा क्षेत्रीय स्तर की सामूहिक समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मगध परिक्षेत्र में शुरू की गई ‘लोक संवाद गोष्ठी’ पहल अब जमीनी स्तर पर असर दिखाने लगी है। मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के निर्देश पर प्रत्येक माह के पहले शनिवार को आयोजित होने वाली इस गोष्ठी के तहत गया जिले के डेल्हा थाना क्षेत्र स्थित मां बागेश्वरी मंदिर परिसर में एक विशाल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गोष्ठी में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बना दिया। महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अब समाज के वे वर्ग भी संवाद की प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं जो पहले अपनी बात रखने में संकोच करते थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी विकास वैभव ने कहा कि व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए लोग विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तक पहुंचते हैं, लेकिन पूरे मोहल्ले, गांव या क्षेत्र से जुड़ी सामूहिक समस्याएं अक्सर अनदेखी रह जाती हैं। यही कारण है कि इन मुद्दों का समाधान लंबे समय तक नहीं हो पाता और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों की सामूहिक समस्याओं को खुलकर प्रशासन और पुलिस के समक्ष रखें। आईजी ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों का गंभीरता से अध्ययन कर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
गोष्ठी के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। नागरिकों ने बालू लदे ट्रैक्टरों के अनियंत्रित परिचालन पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि सुबह के समय बड़ी संख्या में ट्रैक्टर सड़कों पर तेज गति से दौड़ते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने इस पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा, सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और सावन मेले के दौरान बढ़ने वाली आपराधिक घटनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने कहा कि मेले के दौरान अपराध की घटनाओं से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है।
जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आईजी विकास वैभव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, बालू लदे ट्रैक्टरों की निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर गया के एसएसपी सुशील कुमार, डेल्हा थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
आईजी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद ही एक सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराधमुक्त समाज की नींव है। लोक संवाद गोष्ठी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रशासन और जनता मिलकर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान खोज सकते हैं।