NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की है। लघु जल संसाधन विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात राजेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच एजेंसी ने एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। जानकारी के मुताबिक, SVU की पांच टीमें पांच अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। अधिकारियों के परिसरों के अलावा पटना स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय में भी टीम ने दस्तक दी है।
कार्यालय में भी चल रही तलाशी
SVU की टीम पटना स्थित विभागीय कार्यालय पहुंची, जहां अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार से जुड़े कार्यालय कक्ष और अन्य संबंधित स्थानों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उनके अन्य परिसरों पर भी दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसी की कार्रवाई एक साथ शुरू किए जाने से विभागीय स्तर पर भी हलचल बढ़ गई है।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
राजेंद्र कुमार के खिलाफ मुख्य आरोप आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में अधिक संपत्ति जमा करने का है। उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर उनकी संपत्ति निर्धारित आय से 100 प्रतिशत से अधिक पाई गई है। इसी आधार पर SVU ने मामला दर्ज कर तलाशी की कार्रवाई शुरू की है। हालांकि, छापेमारी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच के दौरान कितनी संपत्ति, नकदी, दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण सामग्री सामने आई।
लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता के खिलाफ SVU का एक्शन, कई ठिकानों पर छापा